उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नए सियासी समीकरण तेजी से उभर रहे हैं। इसी कड़ी में आज बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती के पुराने राजनीतिक गढ़ माने जाने वाले सहारनपुर में एक बेहद महत्वपूर्ण सियासी मुलाकात होने जा रही है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और नगीना से सांसद व आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद आज सहारनपुर में मुलाकात करेंगे। दोनों दलों के बीच औपचारिक गठबंधन होने के बाद यह पहला अवसर है जब दोनों शीर्ष नेता एक साथ आमने-सामने बैठकर संवाद करेंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार, असदुद्दीन ओवैसी सहारनपुर के छुटमलपुर स्थित सांसद चंद्रशेखर आजाद के आवास पर पहुंचेंगे और वहां दोपहर का भोजन करेंगे। इस लंच मीटिंग को केवल एक औपचारिक शिष्टाचार भेंट नहीं माना जा रहा है, बल्कि इसके गहरे राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। भोजन के दौरान दोनों नेता आगामी चुनावों की रूपरेखा, सीट बंटवारे के संभावित फॉर्मूले, संयुक्त रैलियों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गठबंधन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से मंथन करेंगे।
हाल ही में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए साथ मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन का ऐलान किया है। सहारनपुर और आसपास के जिलों में दलित और मुस्लिम मतदाताओं की बड़ी आबादी को देखते हुए यह मुलाकात बेहद खास मानी जा रही है। यह क्षेत्र लंबे समय तक मायावती और बसपा का मजबूत गढ़ रहा है, ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर की यह जुगलबंदी न केवल बसपा के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है, बल्कि समाजवादी पार्टी और भाजपा के लिए भी नई चुनौती पेश कर सकती है।
हारनपुर में होने वाली इस बैठक पर पूरे प्रदेश के राजनीतिक विश्लेषकों और प्रमुख दलों की नजरें टिकी हुई हैं। गठबंधन के बाद पहली बार चंद्रशेखर के गृहनगर में ओवैसी की मौजूदगी से दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में भी नया उत्साह देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि लंच पर होने वाली इस चर्चा के बाद दोनों नेता आगे के जनसंपर्क अभियानों और पश्चिमी यूपी में गठबंधन की आक्रामक रणनीति को अंतिम रूप दे सकते हैं।